छात्रवृत्ति पोर्टल पर अब तक 302 संस्थाओं का पंजीयन
संस्थाओं को पाठयक्रमों की जानकारी पोर्टल में 30 अगस्त तक दर्ज करने के निर्देश
रायपुर, 28 अगस्त 2012
राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़े वर्गों विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रावृत्ति ऑनलाईन स्वीकृति स्वीकृत करने का निर्णय लिया है। इससे शासकीय, अशासकीय, उच्चतर माध्यमिक शालाओं, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों सहित आई.टी.आई. और पॉलिटेक्निक में पढ़ाई कर रहे इन वर्गों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने में सुविधा होगी।
आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इसके लिए अब तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर 302 संस्थाओं ने अपना पंजीयन करवा लिया है। चालू शिक्षा सत्र वर्ष 2012-13 से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की स्वीकृति और उसका वितरण आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग की वेबसाईट ट्रायबलडॉटसीजीडॉटजीओव्हीडॉटइन/ईस्कॉलरशिप ( http://tribal.cg.gov.in/escholarship) पर किया जाएगा। रायपुर जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने जानकारी दी है कि जिन संस्थाओं का पंजीयन हो चुका है, अब उन्हें अपनी संस्था में संचालित पाठयक्रमों की जानकारी 30 अगस्त 2012 से पहले इस वेबसाईट पर दर्ज करना अनिवार्य है। उन्हें इसके लिए अपने जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से सम्पर्क कर संस्था का यूजर नेम और पासवर्ड प्राप्त करने के लिए कहा गया है, ताकि पाठयक्रमों की जानकारी संस्था के प्रोफाइल में दर्ज कर वे अपनी प्रविष्टियां पूर्ण कर सकें। यदि किसी संस्था के द्वारा ऐसा नहीं किए जाने पर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिलने में असुविधा होगी, तो संस्था प्रमुख अथवा संस्था प्रबंधन के विरूध्द कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उनकी मान्यता भी खत्म की जा सकती है। इसके लिए संबंधित संस्था प्रमुख या प्रबंधन स्वयं जिम्मेदार होंगे। ऑन लाईन छात्रवृत्ति के बारे में ताजा दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए संस्थाओं को आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग की वेबसाईट ट्रायबलडॉटसीजीडॉटजीओव्हीडॉटनइन (http://tribal.cg.gov.in) का भी समय-समय पर अवलोकन करने की सलाह दी गई है।
क्रमांक-2266/सी.एल.