- 06 दिसंबर 2022
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 06 दिसंबर 2022
राज्य सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत जिले में रामायण मंडली प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिए तीनों जनपद सीईओ गौरेला, पेंड्रा एवं मरवाही को पत्र जारी किया गया है। पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के सांस्कृतिक मानचित्र में रामायण मंडलियाँ एक अभिन्न अंग है। राज्य शासन द्वारा विगत वर्ष की तरह रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने हेतु राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। पूर्व की भांति यह प्रतियोगिता पहले चरण में ग्राम पंचायत में जितने भी रामायण मंडलियाँ हैं उनके बीच प्रतियोगिता के माध्यम से एक विजेता रामायण मंडली को चुना जाना होगा। तत्पश्चात् दूसरे चरण में प्रत्येक ग्राम पंचायत से चुने गये रामायण मंडलियों के बीच जनपद पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित किया जाये तथा प्रत्येक जनपद पंचायत के विजेता रामायण मंडलियों के बीच जिला स्तर पर प्रतियोगिता के माध्यम से जिला स्तरीय विजेता को चुना जाना होगा। उन सभी जिला स्तरीय विजेता रामायण मंडलियों के बीच राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता 15 दिसंबर तक, जनपद स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता 5 जनवरी से 25 जनवरी तक, जिला स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता 27 जनवरी से 3 फरवरी तक और राज्य स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन 16 फरवरी से 28 फरवरी के मध्य राजिम जिला गरियाबंद में किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम विजेता दल को 5 लाख रुपए, द्वितीय विजेता दल को 3 लाख रुपए एवं तृतीय स्थान प्राप्त दल को 2 लाख रुपए पुरस्कार राशि प्रदाय किया जाएगा।