- 03 फरवरी 2023
मुंगेली 02 फरवरी 2023
कलेक्टर श्री राहुल देव ने कल 02 फरवरी को लोरमी विकासखण्ड के ग्राम झाफल में पशुधन विकास विभाग द्वारा लगाई गई उन्नत नस्लों के गौवंशों की एक दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में गिर, साहीवाल, जर्सी, एचएफ के संकर उन्नत नस्ल के 42 वंश रखे थे। इस दौरान कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शनी में कृत्रिम गर्भाधान के लिए जागरूक पशुपालकों को प्रमाण पत्र और प्राथमिक पशु स्वास्थ्य किट प्रदान किया।
कलेक्टर ने प्रदर्शनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालकों के मध्य जागरूकता लाने के लिए झाफल में उन्नत गौवंश प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि देशी गौवंशी एवं भैंस वंशी के कृत्रिम गर्भाधान से उन्नत नस्ल की वत्स प्राप्त होते हैं। साथ ही कृत्रिम गर्भाधान विधि में नर से मादा तथा मादा से नर में फैलने वाले संक्रामक रोगों से पशुओं को बचाया जा सकता है। उन्नत नस्ल के पशुओं में दूध उत्पादन क्षमता अधिक होती है। उन्होंने वहां उपस्थित पशुपालक किसानों से भी चर्चा की और उन्हें उन्नत नस्ल के पशुपालन के लिए प्रोत्साहित किया।
पशु चिकित्सा सेवाएं के उपसंचालक डाॅ. आर. एम. त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कृत्रिम गर्भाधान से पशु नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हेतु पशुपालकों को जागरूक करने के लिए यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान की प्रासंगिकता एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के संबंध में जानकारी दी। स्थानीय जनपद सदस्य श्री होरीलाल राजपूत एवं पशुपालक श्री लोकेन्द्र राजपूत द्वारा पशुपालन के बारे में अपना अनुभव साझा किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर तीर्थराज अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री अजय शतरंज, स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारी श्री प्रमोद नामदेव सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
क्रमांक//चंद्राकर