- 23 फरवरी 2023
अपने बीच अधिकारियों को पाकर कोरवा परिवार हो गए गदगद
कलेक्टर ने परिवार को उपहार स्वरूप साड़ी, कंबल, कपड़े और खाद्य सामग्री वितरण किए
स्कूल में दो शिक्षकों की व्यस्था की जाएगी
विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा आश्रम छात्रावास में रहकर पढ़ाई करेंगे बच्चे
कोरवा परिवार के लिए रोड, बिजली, पेय जल के लिए बोर खनन, बकरी, मुर्गी और गाय शेड की सुविधा देने के निर्देश
जशपुरनगर 23 फरवरी 2023
कलेक्टर डॉ रवि मित्तल और जिला पंचायत सीईओ श्री जितेन्द्र यादव आज मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत गीधा के महरंगपाठ पहाड़ों पर बसे घने जंगल के बीच पहाड़ी कोरवा परिवारों से मिलने पहुंचे और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मनोरा जनपद सीईओ अनिल तिवारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर और सीईओ ने परिवारो को कंबल, साड़ी, कपड़े और खाद्य सामग्री वितरण किए। अपने बीच अधिकारियों को पाकर पहाड़ी कोरवा परिवार गदगद हो गए। कलेक्टर ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और उनके आवागमन के लिए रोड निर्माण, और 10 परिवार के लिए बकरी शेड, मुर्गी शेड, बैल जोड़ी रखने के लिए गाय शेड बनाने के निर्देश दिए हैं। पहाड़ों पर बसे गांव महरंगपाठ में 15 विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवार निवास करते हैं। लगभग वहां 50 लोग रहते हैं।
कलेक्टर ने कोरवा परिवारों से खेती बाड़ी के संबंध में जानकारी ली। राशन समय पर मिलता है कि नहीं, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। कोरवा परिवारों ने पानी के लिए बोर खनन की मांग रखी। साथ ही स्कूल में शिक्षकों की व्यस्था करवाने के लिए आग्रह किया। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल अधिकारीयों को निर्देश दिए और कोरवा बस्ती में पेयजल की सुविधा, स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था करने और विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा आश्रम छात्रावास में बच्चों को भर्ती करके अच्छी शिक्षा देने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा परिवारों की हर मांगों का तत्परता से समाधान कर दिया है।
स.क्र./323/नूतन