- 02 जून 2023
ग्राम पंचायत मैलावाड़ा तथा गुड़से में धारा 144 लागू
दंतेवाड़ा, 02 जून 2023।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के आदेशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2023 हेतु दिनांक 29.05.2023 को निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिसके अनुसार दिनांक 02.06.2023 को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन उपरान्त से 09.06.2023 तक नाम निर्देशन प्राप्त किया जाना, दिनांक 10.06.2023 को संवीक्षा तथा दिनांक 12.06.2023 तक नाम वापसी किया जावेगा। मतदान दिनांक 27.06.2023 तथा सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा दिनांक 30.06.2023 को किया जाएगा। इसके परिपेक्ष्य में जनपद पंचायत कुआकोंडा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मैलावाड़ा तथा जनपद पंचायत कटेकल्याण के तहत ग्राम पंचायत गुड़से क्षेत्र में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री विनीत नंदनवार के द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेश धारा 144 कर दिया गया है। इसके तहत दिनांक 02.06.2023 से 30.06.2023 तक कोई भी व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के समूह द्वारा (भले ही ये अनुज्ञप्तिधारी हो) किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ, अस्त्र-शस्त्र एवं धारदार हथियार लेकर नहीं चलेगा। निर्वाचन कर्तव्यस्थ पर तैनात सुरक्षा कर्मी, धार्मिक कारणों से छूट प्राप्त व्यक्तियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा तथा वे इस प्रतिबंधात्मक आदेश के प्रभाव से मुक्त होंगे। कोई भी व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के समूह द्वारा प्रश्नाधीन अवधि में विस्फोटक सामग्री, अस्त्र-शस्त्र एवं धारदार हथियार लेकर चलने के लिए किसी अन्य व्यक्ति को प्रेरित नहीं किया जावेगा। विभिन्न सभाओं, रैली जुलूस आदि करने के पूर्व तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी कुआकोंडा एवं कटेकल्याण से अनुमति लिया जाना आवश्यक होगा। आवेदन पत्र में स्थान एवं जुलूस के मार्ग आदि का स्पष्टतः उल्लेख किया जाना भी जरूरी है। सभा, रैली, जुलूस आदि में लाउडस्पीकर, ध्वनि विस्तारक यंत्र आदि के लिए उपयोग किये जाने के पूर्व तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी कुआकोंडा एवं कटेकल्याण से अनुमति लिया जाना अनिवार्य होगा। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा एवं दिनांक 02.06.2023 से 30.06.2023 तक जिला दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा के जनपद पंचायत कुआकोंडा एवं जनपद पंचायत कटेकल्याण के उपरोक्त ग्राम पंचायत क्षेत्रों में प्रभावशील रहेगा।
स.क्र./328/रंजीत
दंतेवाड़ा जिले के सोशल हैंडल से जुड़े -
Instagram -https://www.instagram.com/dantewada_district/
Facebook -https://www.facebook.com/Dantewadadist/?mibextid=LQQJ4d
Twitter-https://twitter.com/dantewadadist?s=21&t=_IAhSRI_ui8-1K8z94pjDA
Youtube-https://www.youtube.com/@prodantewada1798